सलमान खान की सुपरहीरो फिल्म के VFX के लिए मेकर्स की ऐसी हॉलीवुड कंपनी से बातचीत चल रही है, जिसकी मदद से बड़ी फ्रेंचाइजी की नैया पार लगी है।
सलमान खान की पिछली कुछ फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर भले ही कोई भी हश्र हुआ हो, लेकिन ‘भाईजान’ का जलवा आज भी कम नहीं हुआ है। वामसी पैडिपल्ली के निर्देशन में बन रही एक्शन फिल्म और अपूर्व लाखिया की ‘मातृभूमि’ के बाद, अब उन्होंने अपने करियर की पहली सुपरहीरो फिल्म साइन कर ली है।
‘द फैमिली मैन’ फेम राज और डीके के निर्देशन में बनने वाली सलमान खान स्टारर इस सुपरहीरो फिल्म को ‘माइथ्री मूवी मेकर्स’ बड़े पैमाने पर बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने हॉलीवुड की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों का VFX तैयार करने वाली कंपनी से हाथ मिलाने की तैयारी की है।
हॉलीवुड कंपनी तैयार करेगी सलमान खान की फिल्म का VFX
फैंस काफी समय से सलमान खान को पर्दे पर सुपरहीरो के रूप में देखने का इंतजार कर रहे थे। अब एक बड़ी हॉलीवुड VFX कंपनी के इस फिल्म से जुड़ने की खबरों ने फैंस की उत्सुकता को दोगुना कर दिया है। टीम द्वारा शेयर की गई जानकारे के मुताबिक, भाईजान की इस सुपरहीरो फिल्म के VFX की कमान WETA FX संभाल सकती है। यह वही कंपनी है जिसने ‘द एवेंजर्स’, ‘द बैटमैन’, ‘द लास्ट ऑफ अस’ और ‘मून नाइट’ जैसे कई बड़े हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स का वीएफएक्स तैयार किया है।
हालांकि, इस बारे में अभी तक मेकर्स और वेटा वीएफएक्स के बीच बातचीत चल रही है और आधिकारिक तौर पर कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है। आपको बता दें कि मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) की ‘द एवेंजर्स’ दुनिया की सबसे बड़ी सुपरहीरो फ्रेंचाइजी है, जिसने न सिर्फ वर्ल्डवाइड बल्कि भारत में भी कई रिकॉर्ड्स बनाए हैं। इस फ्रेंचाइजी ने दुनियाभर में कुल मिलाकर 65 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का भारी-भरकम बिजनेस किया है।
सुपरहीरो फिल्म में सलमान खान के साथ दिखेंगी ये एक्ट्रेस?
‘बजरंगी भाईजान’, ‘बॉडीगार्ड’, ‘क्योंकि’ और ‘मैं और मिसेज खन्ना’ जैसी फिल्मों के बाद एक बार फिर पर्दे पर सलमान खान और करीना कपूर की जोड़ी बनने की उम्मीद है। हालांकि, अभी तक करीना कपूर के नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है, लेकिन रिपोर्ट्स हैं कि वह इस रोल के लिए सबसे आगे हैं और मेकर्स उनसे बातचीत कर रहे हैं।
भाईजान की इस सुपरहीरो फिल्म का टाइटल अभी तय नहीं हुआ है। लेकिन राज और डीके जो ‘द फैमिली मैन’, ‘फर्जी’ और ‘सिटाडेल: हनी बनी’ जैसी सफल वेब सीरीज के बेताज बादशाह माने जाते हैं उनसे इस फिल्म को एक अलग ही लेवल पर ले जाने की पूरी उम्मीद है। यह फिल्म अक्टूबर में फ्लोर पर जा सकती है।





