कटोंघन टोल प्लाजा पर राहगीरों और वाहन चालकों को वितरित किया गया शरबत व ग्लूकोज
खागा/फतेहपुर। भीषण गर्मी और नौतपा के प्रकोप के बीच राहगीरों एवं वाहन चालकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कटोंघन टोल प्लाजा पर विशेष राहत सेवा अभियान का आयोजन किया गया। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) पीआईयू कानपुर के निर्देशानुसार तथा त्रिवेणी संगम हाईवेज प्रबंधन के मार्गदर्शन में वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट, त्रिवेणी संगम हाईवेज के सीएसआर विभाग द्वारा यह जनहितकारी पहल की गई।
कार्यक्रम के दौरान साइट इंजीनियर राहुल चौधरी एवं इंसीडेंट मैनेजर अजीत सिंह की उपस्थिति में हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों, यात्रियों और राहगीरों को ग्लूकोज घोल, रूह अफ़ज़ा शरबत एवं शीतल पेयजल का वितरण किया गया। तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच यह सेवा यात्रियों के लिए काफी राहतकारी साबित हुई। राहत शिविर में विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले वाहन चालकों को प्राथमिकता दी गई। गर्म हवाओं और उमस के कारण थकान महसूस कर रहे लोगों ने ठंडे पेय पदार्थ प्राप्त कर राहत महसूस की।
आयोजन के दौरान टोल प्लाजा पर रुकने वाले अनेक यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे गर्मी के मौसम में बेहद उपयोगी बताया। इस अवसर पर वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट के सीनियर सीएसआर मैनेजर फिरोज़ ख़ान ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान लगातार यात्रा करने वाले चालकों और यात्रियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा का ध्यान रखना संस्था की सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकाल के दौरान इस प्रकार की राहत सेवाएं निरंतर संचालित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके और यात्रा के दौरान उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि सड़कों पर दिन-रात सफर करने वाले लोग देश की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
ऐसे में उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ यह अभियान संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में अनीस सिंह, राकेश सहित टोल प्लाजा के अन्य कर्मचारियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और शरबत एवं ग्लूकोज वितरण कार्य में सहयोग प्रदान किया। सभी कर्मचारियों ने यात्रियों को गर्मी से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी।
यह पहल न केवल यात्रियों को तत्काल राहत प्रदान करने में सफल रही, बल्कि समाज में सहयोग, सेवा और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करने का कार्य किया। वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम इस बात का उदाहरण है कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। ऐसी जनकल्याणकारी गतिविधियां सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संस्थाओं की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती हैं।





