Ruturaj Gaikwad Sanju Samson as CSK Backbone: कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने संजू सैमसन की जमकर तारीफ की और उन्हें सीएसके टीम की रीढ़ बताया।
Ruturaj Gaikwad Praises Sanju Samson: चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को एकतरफा अंदाज में उसके ही घर में 8 विकेट से शिकस्त दी। इस मैच में सीएसके की जीत के रियल हीरो संजू सैमसन (87*) और कार्तिक शर्मा (41*) रहे, जिनकी अटूट शतकीय साझेदारी के दम पर चेन्नई ने 156 रन का लक्ष्य महज 17.3 ओवर में हासिल कर लिया।
मैच में दिल्ली को हराने के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ काफी खुश नजर आए। उन्होंने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में संजू सैमसन के लिए दिल खोलकर रखा और उन्हें टीम की रीढ़ बताया।
जीत के बाद कप्तान Ruturaj Gaikwad गदगद
दरअसल, सीएसके के लिए इस सीजन की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही थी, जहां उन्हें आरआर, पीबीकेएस और आरसीबी के हाथों लगातार तीन मैच में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, पांच बार की चैंपियन टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए डीसी और केकेआर पर लगातार जीत दर्ज की।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक और हार के बाद, टीम ने मुंबई इंडियंस को अगले दो मैचों में धूल चटाकर अपने लय में वापसी की। उन्हें जीटी के खिलाफ मैच में 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा और बीते दिन दिल्ली के खिलाफ उसके घर में ही खेले गए मैच सीएसके ने एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की।
इस जीत के साथ चेन्नई अब 10 मैचों में 10 अंकों के साथ तालिका में मजबूत स्थिति में है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स 8 अंकों के साथ सातवें स्थान पर खिसक गई है।
मैच में मिली जीत के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए इसे मोमेंटम का खेल बताया। उन्होंने हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के साथ शुरुआती चर्चाओं को याद करते हुए कहा,
“शुरुआती हार के बाद भी मैं और फ्लेमिंग हमेशा पॉजीटिव थे। हमें लगा कि हम पिछले साल की तुलना में बेहतर स्थिति में हैं। संजू के आने और मजबूत मिडिल ऑर्डर के साथ हमने सभी कमियों को दूर कर लिया था। हमारी गेंदबाजी भी लय में थी, बस हमें उस एक-दो जीत की तलाश थी जो टी20 में मोमेंटम बनाने के लिए जरूरी होती है। तीसरे मैच के बाद मिली जीत ने पूरी टीम को एकजुट कर दिया।”
संजू की तारीफ में बांधे पुल
कप्तान गायकवाड़ (CSK Captain Ruturaj Gaikwad Post Match Statement) से पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान जब ये पूछा गया कि क्या अलग-अलग खिलाड़ियों को जिम्मेदारी लेते देखना अच्छा है, इसका जवाब देते हुए कहा,
“जी, बिल्कुल। बल्लेबाजी की बात करूं तो, संजू जैसा खिलाड़ी टीम में होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है, खासकर जिस तरह का टूर्नामेंट उनका वर्ल्ड कप में रहा और अब यहाँ भी है। जाहिर तौर पर वह अब हमारी टीम की ‘रीढ़’ (backbone) हैं। लेकिन गेंदबाजी वो विभाग है जो आपको टूर्नामेंट जिताती है। अकील हुसैन और जेमी ओवरटन जिस तरह का काम कर रहे हैं, वह काबिले तारीफ है, जहां बाकी सब 10 या 12 की इकोनॉमी से रन लुटा रहे होते हैं, ये दोनों शांति से आकर अपना काम कर जाते हैं। इससे बहुत आत्मविश्वास मिलता है। फिर अंशुल कंबोज भी हैं, जो एक चालाक गेंदबाज हैं और अपनी ताकत जानते हैं। हां, आज उनका दिन खराब था, लेकिन वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपनी गलती से परेशान हैं और वापसी के लिए उत्सुक हैं।
-ऋतुराज गायकवाड़
सीएसके के कप्तान ने जीत के बाद अपनी रणनीति को लेकर कहा,
“सच कहूं तो हम वैसी कोई खास प्लानिंग नहीं करते। हम (संजू और गायकवाड़) बस एक-दूसरे को विकेट का हाल बताते हैं कि पिच पर क्या हो रहा है और हमें कैसे आगे बढ़ना है। बस इतनी ही बात होती है। उसके बाद सब इस पर निर्भर करता है कि ओवर कैसा जा रहा है और मैच किस दिशा में मुड़ रहा है। हमारी बातचीत बहुत कम होती है, क्योंकि आप खुद पर ज्यादा भरोसा करते हैं। संजू मेरे लिए अपना काम बखूबी कर रहे हैं, इसलिए मैं बहुत खुश हूँ।”
साथ ही गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा की भी तारीफ की और बताया कि उनके पास हुनर पहले से ही था, इसमें कोई नई बात नहीं है।





