27 मई को ONGC के शेयर चौथी तिमाही के कमजोर नतीजों के बाद 4% तक गिर गए। कंपनी ने राजस्व और मुनाफे में मामूली वृद्धि दर्ज की, लेकिन उच्च परिचालन लागत और सूखे कुओं के राइट-ऑफ से प्रदर्शन प्रभावित हुआ।
भारत में कच्चे तेल का एक्सप्लोरेशन करने वाली कंपनी ओएनजीसी के शेयरों में 27 मई को भारी गिरावट आ गई। ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC Share Price) के शेयर चौथी तिमाही के नतीजों के बाद 4% तक गिर गए, क्योंकि कंपनी ने चौथी तिमाही में राजस्व और मुनाफे में मामूली वृद्धि दर्ज की। जेफ़रीज़ ने कहा कि हायर ऑपरेशनल खर्च और सूखे कुओं के राइट-ऑफ के कारण इस तिमाही में प्रदर्शन कमजोर रहा।
कैसे रहे ONGC के Q4 रिजल्ट
- ONGC ने मार्च तिमाही में 3% की वृद्धि दर्ज करते हुए 6,649.97 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया।
- Q4 में शुद्ध लाभ 6,649.97 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह 6,448.28 करोड़ रुपये था।
- ऑपरेशन से रेवेन्यू मामूली रूप से बढ़कर 35,928.18 करोड़ रुपये हो गया, FY2025 की चौथी तिमाही में यह 34,982.23 करोड़ रुपये था।
- पूरे वित्त वर्ष के लिए, ONGC ने 32,894.02 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो वित्त वर्ष 2024-25 के 35,610.32 करोड़ रुपये से 7.6% कम है।
Q4 नतीजों से नाखुश ब्रोकरेज फर्म
घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने इस शेयर को “न्यूट्रल” रेटिंग दी है और कहा है कि “उत्पादन मात्रा में वृद्धि निराशाजनक है”। ONGC के निदेशक मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रति शेयर 1 रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है।
इस बीच ONGC ने अरब सागर में स्थित अपने पश्चिमी ऑफशोर क्षेत्रों से तेल और गैस उत्पादन बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। ONGC ने ब्रिटिश ऊर्जा कंपनी BP Plc की सहयोगी कंपनी BP Exploration Services India Limited के साथ समझौता किया है।
इस सरकारी कंपनी का अनुमान है कि अगले 10 वर्षों में इस समझौते से कच्चे तेल के उत्पादन में लगभग 10.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। मौजूदा 46.25 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) उत्पादन बढ़कर करीब 51.26 MMT तक पहुंच सकता है। वहीं गैस उत्पादन में लगभग 31.5 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है, जो 82.68 बिलियन क्यूबिक मीटर (BCM) से बढ़कर 108.69 BCM तक जा सकता है।





