पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा ने उन पर पलटवार किया है। भाजपा ने कहा कि पीएम मोदी ने वैश्विक संकट के बावजूद देश में ईंधन की कमी नहीं होने दी और राहुल देश को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा ने सोमवार को राहुल गांधी की पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी को लेकर की गई टिप्पणियों पर उन्हें घेरा और कांग्रेस नेता पर देश को कमजोर करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक संकट के बीच देश में ईंधन की कमी टाली है।
गांधी की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस नेता को “अपरिपक्व और अराजक” करार दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि वैश्विक स्तर पर तेल और डीजल की कीमतें काफी बढ़ी हैं। हालांकि भारत में मूल्य वृद्धि अपेक्षाकृत कम रही है खासकर अमेरिका, ब्रिटेन और खाड़ी देशों की तुलना में।
उन्होंने कहा – “राहुल गांधी, यदि आपका उद्देश्य अराजकता फैलाना है तो हम भी भारत को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
भाटिया ने यह भी कहा कि भारत इस वैश्विक चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना कर रहा है और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत है। भाटिया ने राहुल की उस टिप्पणी की भी आलोचना की जिसमें उन्होंने कहा था कि मोदी सरकार एक साल के भीतर गिर जाएगी। उन्होंने कहा- “राहुल गांधी सरकार के गिरने की बात कर रहे हैं लेकिन वास्तव में वह खुद लोगों की नजरों में गिर चुके हैं।”





