मुंबई इंडियंस के आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद हार्दिक पांड्या दूसरी टीम में जा सकते हैं। इसके लिए दो फ्रेंचाइजी ने उनके लिए दिलचस्पी दिखाई है।
भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस से अलग होने की अटकलें तेज हो गई हैं। पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस को उनके संभावित ट्रेड के लिए कम से कम दो फ्रेंचाइजियों से संकेत मिले हैं।
इनमें एक कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और दूसरी राजस्थान रॉयल्स (RR) है। आईपीएल से जुड़े एक सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि केकेआर और मुंबई इंडियंस के शीर्ष प्रबंधन के बीच हार्दिक को लेकर कई दौर की बातचीत हो चुकी है। मुंबई इंडियंस में हार्दिक की दूसरी पारी उतार-चढ़ाव भरी रही है। उनकी कप्तानी में टीम केवल एक बार प्लेऑफ में पहुंच सकी है।
हार्दिक पांड्या को लेकर KKR ने दिखाई दिलचस्पी
सूत्र ने कहा कि अजिंक्य रहाणे हमेशा केकेआर के लिए अस्थायी विकल्प थे और इस सीजन के बाद उनका रिलीज होना तय था। पिछले सीजन के अंत में केकेआर प्रबंधन ने मुंबई इंडियंस के मालिकों से संपर्क किया था, लेकिन उस समय रिलायंस की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) नजदीक होने के कारण आईपीएल ट्रेड प्राथमिकता नहीं था।
उन्होंने आगे बताया कि अब केकेआर ने फिर से मुंबई इंडियंस के शीर्ष नेतृत्व से संपर्क किया है और दोनों पक्षों के बीच कई दौर की चर्चा हुई है। यदि हार्दिक केकेआर में शामिल होते हैं, चाहे वह पूरी तरह नकद सौदे के तहत हो या खिलाड़ी ट्रेड के जरिए, तो उनके लिए कप्तानी का रास्ता भी खुल सकता है। फिलहाल रिंकू सिंह को कप्तानी के लिए उपयुक्त विकल्प नहीं माना जा रहा है।





