फोरलेन सड़क का सदर विधायक ने भूमि पूजन कर किया शिलान्यास
महोबा। शहर के परमानंद चौराहे से झलकारी बाई तिराहे तक आए दिन जाम, अतिक्रम जैसी तमाम समस्याओं से छुटकारा दिलाए जाने को लेकर इस मार्ग को फोरलेन कराए जाने को लेकर कस्बा वासियों ने मांग उठाई थी, जो सदर विधायक के प्रयासों से अब पूरी होती नजर आ रही हैं। इस सड़क को फोरलेन बनवाए जाने का प्रस्ताव पारित होने के बाद सदर विधायकर राकेश गोस्वामी ने शिलान्यास कर भूमि भूजन किया।
परमानंद चौक पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। परियोजना की पूरी जिम्मेदारी इस बार सीधे पीडब्ल्यूडी विभाग को दी गई है। सड़क चौड़ीकरण के साथ साथ बजट में विद्युत विभाग और जल निगम से संबंधित कार्यों को भी शामिल किया गया है। निर्माण दौरान सड़क सीमा में आने वाले बिजली के पोल, हाईटेंशन लाइन और पेयजल पाइपलाइनों को भी स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि भविष्य में बार बार खुदाई की जरूरत न पड़े।
विधायक राकेश गोस्वामी ने बताया कि परमानंद से झलकारी बाई तिराहे तक की सड़क लगभग 12 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनाई जाएगी। यह फोरलेन सड़क शहर के चरखारी बायपास रोड पर निर्मित की जाएगी।
विधायक राकेश गोस्वामी ने बताया कि पूर्व में हुए सड़क के भूमि पूजन दौरान नगर पालिका ने पीडब्ल्यूडी को मात्र 2 करोड़ रुपये दिए गए थे, जो इतने बड़े प्रोजेक्ट के लिए अपर्याप्त थे। इसलिए वह धनराशि वापस कराकर नए सिरे से टेंडर और एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूरी की गई। बताया कि पूर्व में लंबे समय से इस मार्ग पर फोरलेन सड़क की मांग की जा रही थी। इस सड़क निर्माण का ठेका खजुराहो कंस्ट्रक्शन को दिया गया है।
कंपनी ने अगले छह महीने के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कर सड़क को जनता को समर्पित करने का आश्वासन दिया है। बताया कि यदि इस फोरलेन को आगे हमीरपुर चुंगी तक जोड़ा जाता है, तो शहर को पूर्ण रूप से यातायात जाम से राहत मिल सकेगी। प्रशासन का लक्ष्य इस विस्तार योजना को भी शीघ्र अमल में लाना है। भूमि पूजन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी कुंवर पंकज सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।





