अम्बेडकरनगर जनपद के थाना कोतवाली टाण्डा व स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय साइबर फ्रॉड और मानव तस्करी के खतरनाक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह युवाओं को डाटा एंट्री की आकर्षक नौकरी का लालच देकर लाओस और थाईलैंड के गोल्डन ट्रायंगल क्षेत्र में ले जाकर साइबर ठगी और जबरन गुलामी कराने का काम कर रहा था।
मामला अयोध्या निवासी आफताब आलम की शिकायत पर सामने आया। आफताब ने बताया कि अभियुक्त मोहम्मद खलील और मोहम्मद साद ने उसे 21 सितंबर 2025 को लाओस उच्च सैलरी वाली डाटा एंट्री की नौकरी दिलाने के नाम पर भेजा। लाओस पहुँचते ही उसे बॉर्डर पार कराकर गोल्डन ट्रायंगल क्षेत्र में ले जाने की योजना थी। रास्ते में तीन घायल भारतीय युवकों से मुलाकात हुई, जिन्होंने बताया कि उन्हें वहाँ की कंपनी में कैद कर साइबर फ्रॉड कराया जा रहा है और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट व अमानवीय व्यवहार किया जाता है।
जान जोखिम में देख आफताब किसी तरह भागकर एयरपोर्ट पहुँचा। वहाँ भी अभियुक्त साद ने फोन करके वापस लौटने का दबाव बनाया और एक महिला को पासपोर्ट लौटाने के बहाने उसे लेने भेजा।पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अभियुक्तों ने आफताब से कुल 75 हजार रुपये और लाओस पहुँचने पर 300 अमेरिकी डॉलर नकद लिए थे। मोहम्मद खलील ने स्वीकार किया कि साद उसे प्रति व्यक्ति 40-50 हजार रुपये कमीशन देता था।
साद खुद 29 अक्टूबर 2025 को लाओस से लौटा था और और युवकों को फंसाने की फिराक में था। उसके पासपोर्ट पर गोल्डन ट्रायंगल स्पेशल इकोनॉमिक जोन की लगातार आवाजाही के स्टैंप मिले।गिरफ्तार अभियुक्त जिसमे मोहम्मद खलील पुत्र अमीन, निवासी रसूलपुर मुबारकपुर, थाना कोतवाली टाण्डा,मोहम्मद साद पुत्र सरवर हुसैन, निवासी येदिलपुर अतरौलिया, थाना अतरौलिया, आजमगढ़ बरामदगी हुई मो. साद से जिसमे एक आई-फोन, क्रेडिट कार्ड, पासपोर्ट, आधार कार्ड और तीन हवाई टिकट मिला टाण्डा पुलिस द्वारा मु.अ.सं. 379/25 धारा 143(2)/318(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है।
दोनों अभियुक्तों को 18 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है।पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर ने इस सनसनीखेज खुलासे के लिए टीम को 25,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।गिरफ्तार करने वाली टीम जिसमे निरीक्षक श्रीचन्द्र यादव, उ.नि. राहुल कुमार पाण्डेय, का. धर्मेन्द्र यादव, का. राजकुमार (थाना कोटवाली टाण्डा) तथा स्वाट/सर्विलांस टीम के उ.नि. विनोद यादव (प्रभारी), हे.का. प्रभात मौर्य, का. शिवम कुमार, कुलदीप व राहुल कुमार यादव रहे।यह कार्यवाही अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन व पुलिस महानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध उन्मूलन अभियान का हिस्सा है।





