जलालपुर, अंबेडकरनगर जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला खनन अधिकारी कमलेश साहू ने मंगलवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जेसीबी मशीन को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के भस्मा गांव में अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए भट्ठे पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान जिला खनन अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर तत्काल जब्त कर लिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना अनुमति के किसी भी प्रकार का खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं दूसरी कार्रवाई सोहगुपुर क्षेत्र में की गई, जहां एक जेसीबी मशीन को अवैध खुदाई करते हुए पाया गया।
टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इसके बाद सभी जब्त वाहनों और मशीन को कोतवाली जलालपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में सिपाही अमित यादव, पवन कुमार उपाध्याय और राम नायक यादव का विशेष सहयोग रहा। प्रशासन ने दोहराया कि अवैध खनन पर सख्ती जारी रहेगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।





