भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार सुबह परिवहन एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने कस्बे के धर्मेश्वर बाबा मुहाल क्षेत्र में बांदा व सिसोलर मार्ग पर अभियान चलाकर ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एआरटीओ अमिताभ राय के नेतृत्व में टीम ने बालू लादकर आ रहे 22 ओवरलोड ट्रकों को पकड़ लिया, जिनमें से 7 ट्रकों को सीज कर दिया गया, जबकि 15 ट्रकों से 20 लाख रुपये से अधिक का राजस्व वसूल किया गया।
अभियान सुबह करीब 6:30 बजे शुरू हुआ, जिसमें टीम ने बांदा व सिसोलर मार्ग से आने वाले वाहनों की सघन जांच की। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही ओवरलोड ट्रक चालकों में हड़कंप मच गया और कई चालक मुख्य मार्ग छोड़कर लिंक मार्गों की ओर भागते नजर आए।
कार्रवाई के दौरान ट्रकों के सड़क पर आड़ा-तिरछा खड़े होने से बांदा मार्ग पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।





