आलापुर अम्बेडकर नगर।राजकीय हाई स्कूल जहाँगीरगंज के प्रधानाचार्य एवं शिवपुर, गयासपुर के मूल निवासी डॉ. सुरेश लाल श्रीवास्तव को भव्या फाउंडेशन जयपुर द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय मैत्री सम्मेलन एवं सम्मान समारोह के दौरान ग्लोबल डायमण्ड आइकॉन अवॉर्ड 2026 से नवाजा गया।मई 2026 में आयोजित सम्मेलन में फाउंडेशन के संस्थापक शैलेन्द्र माथुर तथा निदेशक डॉ. निशा माथुर ने शिक्षाविद एवं साहित्यकार डॉ. सुरेश लाल श्रीवास्तव को उनकी अनुपम साहित्य साधना तथा शैक्षिक, सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों पर काव्य सृजन सन्दर्भ में ग्लोबल डायमण्ड आइकॉन अवॉर्ड से सम्मानित करते हुए बताया कि डॉ. सुरेश लाल श्रीवास्तव द्वारा रचित काव्य संग्रह हृदय की पुकार, जीवन वीथिका और दिल की आवाज़ में संग्रहीत कविताएं मानवीय मूल्यों के विविध पक्षों को स्पर्श करती हुई नव चेतना का संचार करती हैं।इसी प्रकार इनके मानवता, मानव अधिकार, शैक्षिक एवं सामाजिक सन्दर्भों के लेख भी हृदयग्राही हैं।
डॉ. सुरेश लाल श्रीवास्तव के ग्लोबल डायमण्ड आइकॉन अवॉर्ड से सम्मानित होने पर शिक्षा एवं साहित्य से जुड़े लोगों ने बधाइयाँ देते हुए खुशी का इज़हार किया है।डॉ. सुरेश ने अपनी समस्त जीवन उपलब्धियों का श्रेय स्वर्गीय पिता रामेश्वर लाल एवं माँ उर्मिला श्रीवास्तव को दिया है।





