सदर विधायक ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया
इटावा। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष,जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के निर्देशन में स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित जिम का जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण कराए जाने के उपरांत गुरुवार को सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया ने नवनिर्मित जिम का फीता काटकर शुभारंभ किया।इस अवसर पर सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया ने कहा कि खेल एवं फिटनेस स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं।उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिम में महिलाओं का मासिक शुल्क ₹1000 से घटाकर ₹500 किए जाने की घोषणा की।उन्होंने कहा कि इस पहल से अधिकाधिक महिलाएं जिम से जुड़ेंगी तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होंगी।कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में 15 से 20 जुलाई,2026 तक आयोजित जूडो महाकुंभ स्टेट चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में अवंतिका ने रजत पदक तथा ट्विंकल,गुलशन एवं योगेश यादव ने कांस्य पदक अर्जित किया।
सदर विधायक ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनपद के खिलाड़ी प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं,जो सभी के लिए गर्व का विषय है।कार्यक्रम के उपरांत माननीय सदर विधायक जी ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत स्टेडियम परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।इस अवसर पर सचिन यादव, मोनू पवार,प्रदीप चतुर्वेदी,चन्दन पोरवाल सहित खेल विभाग के देवेन्द्र पाल, रूकसार बानो,दीक्षा अवस्थी,राखी राठौर, सबा बानो,सुशीला,रजत तथा स्टेडियम के विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।अंत में जिला क्रीड़ाधिकारी ने सदर विधायक सहित सभी अतिथियों एवं उपस्थित खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विभाग निरंतर कार्य कर रहा है।





