हमीरपुर। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में “श्रमवीर गौरव समारोह 2026” का आयोजन उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की रीढ़ बताते हुए कहा कि देश की प्रगति उनके सशक्तिकरण पर निर्भर करती है। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र श्रमिक लाभ से वंचित न रहें।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा श्रमिक कल्याण योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा। अधिकारियों ने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों को मातृत्व सहायता, शिक्षा, विवाह, आवास, चिकित्सा, पेंशन एवं दुर्घटना सहायता जैसी विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाता है। साथ ही श्रमिकों को पंजीकरण प्रक्रिया और योजनाओं का लाभ लेने की विस्तृत जानकारी दी गई। हेल्पलाइन 1800-180-5412 एवं वेबसाइट के माध्यम से भी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें सरकारी योजनाओं से अधिकतम लाभान्वित करना है। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, पीडी/प्रभारी सीडीओ नवीन कुमार गुप्ता, श्रम प्रवर्तन अधिकारी महेंद्र सिंह, सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में श्रमिकों के योगदान को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।





