महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में देवीपाटन मंडल में एक नई पहल की शुरुआत की गई है। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत मंडल मुख्यालय पर “मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद” कार्यक्रम की शुरुआत नवमी के अवसर पर की गई थी।
आयुक्त ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना और उनका समाधान करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह विशेष कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके तहत प्रत्येक सोमवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक मंडल मुख्यालय पर शक्ति संवाद का आयोजन होगा, जिसमें महिलाओं और बच्चों की समस्याओं की सुनवाई की जाएगी।
आयुक्त ने बताया कि इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि समस्याओं की सुनवाई महिला अधिकारियों द्वारा भी की जाएगी। इसके लिए महिला अधिकारियों को नामित किया गया है, जो पीड़ित पक्ष की बात ध्यानपूर्वक सुनेंगी और तत्काल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए कदम उठाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर उसी दिन संबंधित अधिकारी या जांच टीम को मौके पर भेजकर तथ्यात्मक जांच कराई जाएगी ताकि किसी भी समस्या के निराकरण में देरी न हो महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने के लिए सुलभ व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु महिला हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी।
साथ ही दूरभाष, मोबाइल कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से भी शिकायतें प्राप्त की जाएंगी। आयुक्त ने कहा कि इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि महिलाओं का विश्वास बढ़े और उन्हें न्याय तुरंत मिल सके।उन्होंने यह भी बताया कि “मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद” केवल समस्याओं की सुनवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देने का भी एक सशक्त माध्यम बनेगा।
इस कार्यक्रम से महिलाओं को यह संदेश जाएगा कि शासन-प्रशासन उनके साथ खड़ा है और उनकी समस्याओं का गंभीरता से समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।इस तरह “मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद” कार्यक्रम देवीपाटन मंडल में महिलाओं और बच्चों की समस्याओं के समाधान का एक नया मंच बनकर सामने आया है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ मिशन शक्ति 5.0 को और अधिक प्रभावी बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।





