अनियंत्रित रोडवेज बस और पिकअप के बीच हुई जोरदार भिड़ंत, चपेट में आने से स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत।
हादसे से गुस्साए परिजनों ने हरदोई रोड पर शव रखकर लगाया जाम, अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला रास्ता।
काकोरी लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आयशा हॉस्पिटल के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4:10 बजे हरदोई की तरफ से आ रही एक रोडवेज बस और मलिहाबाद की दिशा से आ रही पिकअप के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इसी दौरान दुबग्गा की तरफ से आ रही स्कूटी और हरदोई की तरफ जा रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी इस भीषण टक्कर की चपेट में आ गईं।
इस हादसे में स्कूटी चालक मोहम्मद मलिक, पुत्र मोबीन, निवासी कटरा बाजार कस्बा काकोरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मोटरसाइकिल चालक धर्मेश चौरसिया, पुत्र सियाराम, निवासी न्यू हैदरगंज बालागंज, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ और पिकअप चालक अनिल यादव, पुत्र रामदेव, निवासी ग्राम बीरबल, थाना लालगंज, जिला प्रतापगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काकोरी भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वर्तमान में दोनों का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। दुर्घटना के बाद रोडवेज बस का चालक मौके से फरार हो गया, जबकि बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक मोहम्मद मलिक के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों ने मृतक के शव को हरदोई रोड पर रखकर सड़क जाम कर दी, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया और उच्चाधिकारियों ने पीड़ित परिवार से वार्ता शुरू की। मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त काकोरी और तहसीलदार सदर ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उसे मर्चरी हाउस भिजवा दिया है। मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है





