फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, उत्पीड़न, साइबर अपराध समेत विभिन्न मामलों में लोगों ने अपनी शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत कीं।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं जांच अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
श्री मांगलिक ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उन्हें उनके प्रकरण की प्रगति की नियमित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए, जिससे लोगों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश मौके पर ही जारी किए गए।





