महामंडलेश्वर बाबा विष्णु दास जी के पैतृक गांव में हुआ भव्य आयोजन
बांसी सिद्धार्थनगर। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत पेंडारी बुजुर्ग में गुरुवार को आध्यात्मिक ऊर्जा और अटूट श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। अवसर था ऋषिकेश स्थित धर्मराज मंदिर के पीठाधीश्वर एवं अंतर्राष्ट्रीय गौ रक्षा परिषद के अध्यक्ष, महामंडलेश्वर श्री श्री 108 बाबा विष्णु दास जी महाराज द्वारा आयोजित भव्य ‘महा सुंदरकांड पाठ’ का। अपने पैतृक गांव में आयोजित इस अनुष्ठान में उमड़ी भीड़ ने पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया।अयोध्या के विद्वानों ने बिखेरी भक्ति की छटा इस धार्मिक अनुष्ठान की भव्यता का केंद्र अयोध्या धाम से पधारे सुप्रसिद्ध व्यास अवधेश मिश्र शास्त्री जी महाराज रहे।
उनके नेतृत्व में 108 विद्वान ब्राह्मणों ने जब एक साथ सस्वर सुंदरकांड का पाठ शुरू किया, तो समूचा वातावरण भक्ति के रस में सराबोर हो उठा। व्यास पीठ से शास्त्री जी ने सुंदरकांड की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि हनुमान जी की यह भक्ति गाथा जीवन के समस्त कष्टों को हरने वाली और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाली है।
भक्ति के इस महाकुंभ में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक साक्षी बने। मुख्य रूप से बालकृष्ण पाण्डेय (पूर्व जिला पंचायत सदस्य) राहुल पाण्डेय (ग्राम प्रधान, पेंडारी बुजुर्ग) डॉ. वेद प्रकाश पाण्डेय (प्रबंधक, लीलावती देवी महिला महाविद्यालय) सतेंद्र पाण्डेय, बबलू मिश्रा, विपिन मिश्रा, विजय मिश्रा, डब्लू सिंह समेत हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।लोक कल्याण के लिए अनुष्ठान, विशाल भंडारा सुंदरकांड के समापन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन समिति द्वारा लगभग 4 से 5 हजार श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की विधिवत व्यवस्था की गई थी, जहाँ भक्तों ने कतारबद्ध होकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।





