महोबकंठ थाना क्षेत्र की घटना; दिल्ली जाने के लिए रेलवे स्टेशन जा रहा था परिवार, गमी में शामिल होने जा रहे कार सवार भी हुए हादसे का शिकार
महोबा थाना महोबकंठ के समीप नेशनल हाईवे 339 पर देर रात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार चार लोगों को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार चाचा भतीजी की मौत हो गई, जबकि कार व बाइक में सवार छह लोग घायल हो गए। घायलोें को न नजदीकी सीएचसी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो भाई की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कालेज झांसी रेफर किया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। एक साथ हुई दो मौतों और दो के घायल होने से उनके परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
थाना महोबकंठ के दुलारा गांव में निवासी विनोद (23) पुत्र मनप्यारे अपनी पत्नी सीता (22) और एक वर्षीय बेटी शिवांशी के साथ रविवार देर शाम दिल्ली जाने के लिए चचेरा भाई देवप्रकाश (23) पुत्र छेद्दु के साथ बाइक से स्टेशन जा रहा थे। तभी एनएच 339 पर महोबकंठ थाने से कुछ दूर जाने पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार देवप्रकाश और उसकी मासूम शिवांशी उछलकर दूर जाकर सड़क पर गिर गए और विनोद और सीता भी गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। उधर कार में सवार चार लोगों में इकबाल (55) और उसका भाई अफजाल (45) गंभीर रुप से घायल हो गए।
दुर्घटना देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी सीएचसी बनवारी पहुंचाया। जहां देवप्रकाश और शिवांशी का परीक्षण करने के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं विनोद और उसकी पत्नी सीता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेज दिया। कार में बैठे इकबाल और अफजाल की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रवाना किया गया, जबकि कार में बैठी अन्य दो महिलाओं को कम चोटें आईं है, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ अनिरुद्ध कुमार भी सीएचसी पहुंचे। बताया जाता है कि कार सवार चारो लोग झांसी से महोबा अपने किसी रिश्तेदार में हुई गमी में शामिल होने जा रहे थे।





