मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान एक महिला और नवजात शिशु की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। अस्पताल अधीक्षक ने आरोपों को निराधार बताते हुए जांच कराने की बात कही है।
टेरी त्रिलोकपुर निवासी अरुण कुमार की पत्नी की सीएचसी में प्रसव के दौरान मौत हो गई। इस मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक ने फोन पर जानकारी देने पर आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने यह भी कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट में यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के पति अरुण कुमार ने बताया कि प्रसव पीड़ा के दौरान सोमवार को पत्नी को सीएचसी में भर्ती कराया था। मंगलवार की सुबह की प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई है । डाक्टरों और नर्सों ने घोर लापरवाही की है। इन पर कार्रवाई होनी चाहिए।
कोतवाली प्रभारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि प्रसूता की मौत के मामले की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे थे लेकिन अभी परिजन द्वारा कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर देते हैं तो केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।





