मंदिर के नाम पर मांगा चंदा, बातों में उलझाकर की ठगी
पुड़िया थमाकर तीन घंटे बाद खोलने को कहा, तब तक हो चुके थे फरार
पुरंदरपुर (महराजगंज)। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवपुर में चंदा मांगने के बहाने पहुंचे दो कथित जालसाज एक महिला के गहने लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी गोविंद चौरसिया ने बताया कि शनिवार को दो व्यक्ति उनके घर पहुंचे और मंदिर निर्माण के नाम पर चंदा मांगने लगे। बातचीत के दौरान वे परिवार से जुड़ी पुरानी बातें बताने लगे, जिससे परिवार का उन पर विश्वास बढ़ गया। इसके बाद दोनों ने खुद को सिद्ध पुरुष जैसा बताकर तरह-तरह की बातें करनी शुरू कर दीं। गोविंद के अनुसार, कुछ देर बाद दोनों ने उन्हें पीपल के पत्ते लाने के लिए भेज दिया।
इस दौरान घर पर उनकी पत्नी आरती देवी और वृद्ध माता मौजूद थीं। आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने आरती देवी को अपने प्रभाव में लेकर उनसे पहने हुए गहने उतरवा लिए। बदले में एक पुड़िया देकर कहा कि उसे तीन घंटे बाद ही खोलना। आरती देवी ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने गहने उतारने से इनकार किया, लेकिन बाद में वह उनकी बातों में आ गईं और अपने गहने उन्हें सौंप दिए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने संदिग्धों की तलाश का प्रयास किया, लेकिन तब तक वे फरार हो चुके थे। पीड़ित ने पुरंदरपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष पुरंदरपुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।





