एमपीपीएससी ने इंटरव्यू के लिए दस्तावेज जमा करने के नए नियम लागू किए हैं, जिसमें देरी से दसतावेज जमा करने पर आर्थिक दंड लगेगा। अभ्यर्थियों को 5 दिन की मोहलत के लिए 3,000 रुपये और निरस्त होने के बाद 10 दिन के लिए 25,000 रुपये का शुल्क देना होगा।
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग MPPSC ने इंटरव्यू के जरिये होने वाली भर्ती के लिए दस्तावेज देरी से जमा करने से संबंधित एक नया नियम लागू किया है। एमपीपीएससी की ओर से इंटरव्यू के जरिये सीधी भर्ती के लिए देरी से दस्तावेज जमा करने वाले अभ्यर्थियों पर आर्थिक दंड लगाने का फैसला किया गया है। नए नियम के मुताबिक जो अभ्यर्थी अंतिम तारीख के बाद दस्तावेज जमा करेंगे। उन्हें लेट फीस के रूप में निर्धारित शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य होगा।
पहले मिलेगी 5 दिनों की मोहलत
एमपीपीएससी के नए नियम के मुताबिक जो उम्मीदवार निर्धारित अंतिम तिथि तक अपने दस्तावेज जमा नहीं कर पाते हैं। उन उम्मीदवारों को आयोग की ओर से अतिरिक्त 5 दिनों का समय दिया जाएगा। उम्मीदवारों को 5 कार्य दिवस के भीतर अपने दस्तावेजों को जमा करना होगा। हालांकि इसके लिए उम्मीदवारों को लेट फीस जमा करना अनिवार्य होगा। उम्मीदवारों से लेट फीस के रूप में 3,000 रुपये लिए जाएंगे। साथ ही उम्मीदवारों को एक घोषणा-पत्र भी जमा करना होगा, जिसमें यह उल्लेख होना चाहिए कि उम्मीदवार भर्ती विज्ञापन की सभी पात्रता मानदंडो को पूरा करते हैं।
नाम निरस्त होने के बाद भी मिलेगा मौका
एमपीपीएससी के मुताबिक यदि कोई उम्मीदवार तय समय-सीमा और पांच दिनों के भीतर भी दस्तावेज जमा नहीं कर पाते हैं और उन उम्मीदवारों का नाम आयोग द्वारा निरस्त कर दिया जाता है, तो इसके बाद भी उम्मीदवारों को आयोग की ओर से एक अतिरिक्त मौका दिया जाएगा। बता दें, उम्मीदवार सूचना जारी होने के दिन से 10 कार्य दिवस के भीतर 25 हजार रुपये का शुल्क जमा करके अपने दस्तावेज जमा कर सकेंगे।





