अमेरिका। अमेरिकी चुनाव व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसी गलती कर दी, जिसने उन्हें सोशल मीडिया पर चर्चा में ला दिया। ट्रंप ने ब्राजील में हुए राष्ट्रपति चुनाव का उदाहरण देते हुए अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में गलती से भारत का नाम लिख दिया। उन्होंने दावा किया कि भारत में राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण में करीब 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया और परिणाम मतदान खत्म होने के कुछ ही समय बाद सामने आ गए।
दरअसल, ट्रंप अमेरिकी चुनावों में मतगणना में लगने वाले समय को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने डेट्रॉयट, फिलाडेल्फिया और कैलिफोर्निया जैसे इलाकों में मतगणना में लगने वाले समय की तुलना दूसरे देशों की चुनाव प्रक्रिया से की। लेकिन ब्राजील के चुनाव का जिक्र करते समय उन्होंने ब्राजील की जगह भारत लिख दिया।
भारत में नहीं हुआ था राष्ट्रपति का प्रत्यक्ष चुनाव
ट्रंप की पोस्ट में एक और तथ्यात्मक गलती सामने आई। भारत में राष्ट्रपति का चुनाव आम जनता सीधे मतदान करके नहीं करती। राष्ट्रपति का चुनाव निर्वाचक मंडल के जरिए होता है। वहीं ब्राजील में राष्ट्रपति का चुनाव प्रत्यक्ष मतदान से होता है।
ट्रंप द्वारा बताए गए करीब 12.5 करोड़ मतदाताओं का आंकड़ा भी ब्राजील में हुए चुनाव से मेल खाता है। रिपोर्टों के अनुसार, उनकी पोस्ट का संदर्भ वास्तव में ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव से था, लेकिन उन्होंने देश का नाम भारत लिख दिया।
सोशल मीडिया पर ट्रंप की पोस्ट को लेकर प्रतिक्रियाएं
पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने ट्रंप की इस गलती को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने सवाल उठाया कि अमेरिकी चुनाव व्यवस्था पर टिप्पणी करते समय ट्रंप ने भारत और ब्राजील के चुनावी सिस्टम को ही आपस में मिला दिया।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर ट्रंप के सार्वजनिक बयानों में होने वाली भौगोलिक और चुनावी संदर्भों से जुड़ी गलतियों को चर्चा में ला दिया है। फिलहाल, उनकी पोस्ट में भारत का उल्लेख किए जाने को लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी खबरें प्रकाशित हुई हैं।





