गौरीगंज (अमेठी)। नगर अमेठी के गौरीगंज रोड स्थित प्राचीन काली मंदिर पर अवैध कब्जे को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी और क्षेत्रीय नागरिक सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां उन्होंने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर मंदिर को कब्जामुक्त कराने की मांग की। बताया जा रहा है कि सगरा तिराहा के पास स्थित यह काली मंदिर लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। खासकर नवरात्रि के दौरान यहां मेले का आयोजन होता था जिसमें दूर-दराज से लोग दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते थे।
मंदिर का संचालन काली माता मंदिर समिति द्वारा किया जाता है जिसका पंजीयन भी है। आरोप है कि कुछ लोगों ने जबरन मंदिर परिसर पर कब्जा कर लिया है।जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में परेशानी हो रही है।मंदिर समिति और व्यापारियों का कहना है कि इस मामले की शिकायत कई बार प्रशासन से की गई लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित होकर लोगों ने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। एडीएम अर्पित गुप्ता ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।





