केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं का परिणाम जारी कर दिया है। अब दूसरे चरण की परीक्षा मई के दूसरे सप्ताह में होने की संभावना है। इसके लिए एलओसी (लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स) जमा करने की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू होकर 20 अप्रैल तक चलेगी।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं कक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इसके साथ ही बोर्ड स्तर पर दूसरे चरण की परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। 10वीं की दूसरे चरण की परीक्षा मई के दूसरे सप्ताह में आयोजित होने की संभावना है।
दूसरी परीक्षा में शामिल होने के लिए एलओसी जमा करने की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। एलओएसी 20 अप्रैल तक जमा होगा। एलओसी से जुड़ी पूरी जिम्मेदारी स्कूलों को दी गई है।
कौन-से छात्र देंगे परीक्षा?
सीबीएसई ने कहा है कि स्कूलों को यह सुनिश्चित होगा कि कौन से छात्र दूसरी परीक्षा देने के योग्य हैं। सुधार या कंपार्टमेंट वाले छात्रों के विषयों की सही जानकारी दर्ज करना और छात्रों के सभी डाटा की जांच करना होगा। तय समय सीमा के भीतर सीबीएसई पोर्टल पर जानकारी अपलोड और फाइनल करना है।
एलओसी प्रक्रिया खासतौर पर इन छात्रों के लिए है जो पहली बार एलओसी में शामिल नहीं हो पाए थे और अब नाम जोड़ना चाहते हैं। जिन्होंने पहले नाम जमा किया था, लेकिन फीस नहीं भरी थी, जो छात्र अपनी परफार्मेंस सुधारना चाहते हैं या जो छात्र कंपार्टमेंट श्रेणी में हैं वो सभी आवेदन कर सकते हैं।
CBSE: छात्रों को सही मार्गदर्शन दें
प्रत्येक श्रेणी के छात्रों के लिए विषयों का चयन अलग-अलग होगा, इसलिए स्कूलों की जिम्मेदारी है कि वे छात्रों को सही मार्गदर्शन दें और उसके बाद ही अंतिम सबमिशन करेंगें। बोर्ड ने कहा है कि जो छात्र पहले ही एलओसी में नाम दे चुके हैं, लेकिन अब परीक्षा नहीं देना चाहते, वे अपना नाम वापस ले सकते हैं।
गणित में बदलाव की अनुमति
गणित विषय में बदलाव की अनुमति दी गई। जैसे गणित स्टैंडर्ड लेने वाले छात्र अब गणित बेसिक चुन सकते हैं। गणित बेसिक वाले छात्र गणित स्टैंडर्ड भी चुन सकते हैं।
अन्य विषयों में किसी तरह का बदलाव करने की अनुमति नहीं है, इसलिए स्कूलों और छात्रों दोनों के लिए जरूरी है कि वे समय सीमा का पालन करें और सभी जानकारी सही तरीके से भरें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
सीबीएसई ने स्कूलों को विशेष रूप से निर्देश दिया है कि वे छात्रों का सही डेटा एकत्रित करेंगे। सभी जानकारी ध्यान से जांच कर समय सीमा के अंदर सही तरीके से सबमिट करें।





