जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर तहसील क्षेत्र की ग्राम सभा रुकूंपुर कासिमपुर कर्बला में ग्राम समाज की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता संतोष कुमार पांडे ने आरोप लगाया है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने गाटा संख्या 1238 की ग्राम समाज की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि यह भूमि सार्वजनिक उपयोग की है, जिस पर निजी कब्जा किया जा रहा है। संतोष कुमार पांडे के अनुसार उन्होंने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल (सीएम हेल्पलाइन) पर दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद संबंधित राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिसके कारण अवैध निर्माण कार्य लगातार जारी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) जलालपुर राहुल कुमार गुप्ता को भी दूरभाष के माध्यम से अवगत कराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। इसके बावजूद अभी तक मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील के लेखपाल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मामले में उदासीन बने हुए हैं, जिससे भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
संतोष कुमार पांडे का दावा है कि जिस जमीन पर कब्जा किया जा रहा है, उसका रकबा लगभग 10 बिस्वा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो पूरी ग्राम समाज की भूमि पर स्थायी कब्जा हो सकता है। वहीं इस मामले में उपजिलाधिकारी जलालपुर राहुल कुमार गुप्ता ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो ग्राम समाज की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई की जा सकती है।





