डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चल रहे सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत गुरुवार को भाजपा डुमरियागंज कार्यालय पर विशेष बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य अतिथि गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने की। इस दौरान जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान और पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।
बैठक में भाजपा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में अभूतपूर्व योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुँचाना ही कार्यकर्ताओं की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संगठन की जड़ों को मजबूत करने का अवसर है। यदि कार्यकर्ता अभी से पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ जुट जाएं, तो भाजपा हर स्तर पर विजय हासिल करेगी। बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।
जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह समाज सेवा का वास्तविक संकल्प है। गरीबों की सेवा, स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य शिविर जैसे कार्य जनता का दिल जीतने का माध्यम हैं। भाजपा कार्यकर्ता हमेशा जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं। पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा की ताकत बूथ पर खड़े कार्यकर्ता हैं। यदि हर बूथ मजबूत होगा तो जीत अपने आप सुनिश्चित हो जाएगी। हर कार्यकर्ता को यह संकल्प लेना होगा कि उसका बूथ ही पार्टी की जीत की कुंजी बने।
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ। संगठन को सुदृढ़ बनाने, योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुँचाने और विपक्षी दलों के भ्रमजाल को तोड़ने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।इस अवसर पर मधुसूदन अग्रहरि, विपिन सिंह, अजय उपाध्याय, दिलीप चतुर्वेदी, गुड्डू त्रिपाठी, निशांत पाण्डेय, मंगल चौरसिया, डा. दशरथ चौधरी, लवकुश ओझा, चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू चौधरी, धर्मराज वर्मा, अमरेंद्र त्रिपाठी, रमेशधर द्विवेदी, विनय पाठक, राजकुमार चौधरी, अवधेश चौधरी, दिलीप उर्फ छोटे पाण्डेय, लालजी शुक्ला, राजन अग्रहरि, डंपू पांडे आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।