महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में डीएम नें निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों में ई रिक्शा के माध्यम से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन कराएं साथ ही निर्मित आरआरसी सेंटर में एकत्रित कूड़े को पृथक्करण का कार्य कराएं एवं एकत्रित प्लास्टिक को विकासखंड जैतपुर की ग्राम पंचायत कमालपुरा में निर्मित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में भेजें।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में निर्मित सामुदायिक शौचालय जो अभी तक हैंडओवर नहीं हुए हैं, उनको एक सप्ताह के भीतर हैंडओवर कराएं, इसके अतिरिक्त जिन ग्राम पंचायतों में केयरटेकर का भुगतान 03 माह से नहीं हुआ है उनसे संबंधित 52 सचिवों का वेतन रोके जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी देव कुमार यादव, समाज कल्याण अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा, जिला पंचायत राज् अधिकारी चंद्र किशोर वर्मा, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त सहायक विकास अधिकारी पंचायत एवं अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।





