गोण्डा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कटरा बाजार नगर इकाई द्वारा परिषद के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर भारतीय इंटर कॉलेज, कटरा बाजार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर मंत्री सुधाकर त्रिपाठी ने अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए परिषद के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस की शुभकामनाएँ दीं। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित विभाग संयोजक आदर्श तिवारी ‘आजाद’ ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन होने के साथ-साथ राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत, संस्कारित, अनुशासित एवं नेतृत्वक्षम युवाओं के निर्माण का प्रभावी मंच है।
परिषद की स्थापना से लेकर आज तक संगठन ने छात्रहित, शिक्षा सुधार, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता एवं जनजागरण के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता “ज्ञान, शील और एकता” के आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है तथा सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बन रहा है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर नगर अध्यक्ष राम मूर्ति सिंह ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिषद के कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना का विकास करते हैं। उन्होंने सभी से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर आशीष तिवारी, विष्णु यादव, वैभव, रोहित, साक्षी सहित परिषद के अनेक कार्यकर्ता एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





