कुलपहाड़ क्षेत्राधिकारी ने अर्दली रूम में विवेचकों के साथ की समीक्षा बैठक, नाबालिगों की बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
महोबा। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी (सीओ) कुलपहाड़ अनुरुद्ध कुमार ने सर्किल के सभी विवेचकों के साथ अर्दली रूम कर कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए और साफ कहा कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को आयोजित अर्दली रूम में क्षेत्राधिकारी ने विशेष रूप से नाबालिगों की गुमशुदगी और अपहरण के मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने पुलिस टीमों को निर्देशित किया कि शेष नाबालिगों की बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए। सीओ ने कहा कि सर्विलांस, तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र का अधिकतम उपयोग कर शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करें और पीड़ित परिजनों से लगातार संपर्क बनाकर उन्हें प्रगति की जानकारी दें।
बैठक के दौरान लंबित विवेचनाओं, एनसीआर, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, पंचायतनामा जांच, आईजीआरएस (IGRS) प्रकरणों और जनशिकायत प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की भी विस्तृत समीक्षा की गई। क्षेत्राधिकारी ने सभी लंबित विवेचनाओं का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गैर-जमानती वारंट (NBW) का शत-प्रतिशत तामिला कराने और संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।





