कानपुर। केंद्रीय विद्यालय, आईआईटी कानपुर में गुरुवार से जल पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। शुक्रवार को विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका प्रियंका तिवारी ने समस्त विद्यालय परिवार को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को जल जीवन मिशन को सफल बनाने के लिए प्रेरित करते हुए पानी के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए जल संरक्षण के विभिन्न उपाय बताए और सभी को जल बचाने के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य रवीश चंद्र पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि जल संरक्षण केवल शपथ तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक जीवन में अपनाना जरूरी है। उन्होंने सभी से जल के विवेकपूर्ण उपयोग का आह्वान किया।
इस अवसर पर रूपम मिश्रा ने विद्यार्थियों से जल संरक्षण विषय पर नारे लिखवाए, ताकि समाज में भी इस दिशा में जागरूकता बढ़ सके। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, जल पखवाड़ा 30 अप्रैल तक चलेगा, जिसके दौरान विभिन्न शैक्षिक व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।





