सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में नर्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में चल रहे नर्सिंग पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।इस अवसर पर नर्सिंग अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता एवं सेवा भावना का संदेश दिया।कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कुलपति प्रो.डा.अजय सिंह ने कहा कि इस तरह के स्वैच्छिक रक्त दान शिविरों का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।शिविर में बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया और लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
शिविर के दौरान रक्त दान के महत्व और दानकर्ताओं ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे यूपीयूएमएस के कई कर्मचारियों ने रक्त दान को अपने जीवन का एक नियमित क्रिया कलाप बना लिया है।कुलपति ने ऐसे नर्सिंग अधिकारियों जिन्होंने एक से ज्यादा बार रक्त दान किया है और गरीब,बेसहारा मरीजों की जिंदगी बचाने का नेक कार्य किया है उनको सम्मानित करते हुए उन्हें रक्त दान वैरियर की संज्ञा दी।इस दौरान अन्य वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई लोगों की जिंदगी बचाने में सहायक हो सकता है।नर्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नर्सिंग कर्मी हमेशा सेवा और मानवता के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।





