अतिक्रमण हटाने के साथ सड़क सुरक्षा का भी दे रही संदेश
यातायात रूट संख्या-6 पर सठियांव से मुबारकपुर थाना तक यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं जाम मुक्त बनाए रखने के लिए मुबारकपुर यातायात पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है। सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण, ठेला-गाड़ी एवं अव्यवस्थित पार्किंग को हटवाकर मार्ग को साफ रखने का कार्य लगातार किया जा रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।
यातायात पुलिस केवल यातायात संचालन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। नियमित वाहन चेकिंग अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया जाता है। यातायात कर्मी लोगों को समझाते हैं कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक हैं।
वाहन चेकिंग के दौरान यातायात नियमों की जानकारी देकर लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बिना हेलमेट वाहन न चलाने, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी जाती है।
इस सराहनीय कार्य में टी.एस.आई. अरविन्द कुमार सिंह, सी.टी.पी. दिनेश यादव, सी.टी.पी. संजय कुमार साहू, सी.टी.पी. चन्दन कुमार एवं सी.टी.पी. नन्द लाल अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ कर रहे हैं। इनकी प्राथमिकता सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखना, जाम की समस्या को रोकना तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर हुई है और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ रही है। मुबारकपुर यातायात पुलिस का यह प्रयास सुरक्षित, व्यवस्थित और जाम मुक्त यातायात व्यवस्था की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है। “हेलमेट लगाएं, सीट बेल्ट बांधें और यातायात नियमों का पालन करें—आपकी सुरक्षा, आपके परिवार की खुशी l





