केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल चुनाव के पहले चरण में टीएमसी के सूपड़ा साफ होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि 5 मई तक ममता दीदी का खेल खत्म हो जाएगा और भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए हुए बंपर मतदान का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले फेज में ही टीएमसी का सूपड़ा साफ हो गया है।
हुगली जिले के बालागढ़ और पुरसुरा में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि पहले चरण में बहुत शांति से मतदान संपन्न हुआ है और किसी भी गुंडे की हिम्मत नहीं हुई कि वह मतदाताओं को उंगली भी लगा सके। यह बंगाल में मेरा 30वां कार्यक्रम है।
अमित शाह का बड़ा दावा
पांच मई को ममता दीदी का पूरी तरह सूपड़ा साफ और खेल खत्म हो जाएगा। दावा किया कि बंगाल में पांच मई को पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी। शाह ने फिर दोहराया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद बंगाल में एक भी घुसपैठिए को घुसने नहीं दिया जाएगा और यहां पहले से मौजूद अवैध प्रवासियों को चुन- चुन कर बाहर निकाला जाएगा।
ममता सरकार पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि घुसपैठ से राज्य की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को नुकसान हो रहा है। घुसपैठिए बंगाल के युवाओं की नौकरियां छीन रहे हैं, गरीबों का राशन खा रहे हैं और देश की सुरक्षा को कमजोर करने के लिए काम कर रहे हैं।
दूसरे व अंतिम चरण के चुनाव के लिए भाजपा के अभियान को तेज करते हुए, गृह मंत्री ने मतदाताओं से भाजपा का समर्थन करने का आग्रह किया। कहा कि 29 अप्रैल को दूसरे चरण के मतदान के दिन आपको कमल के चिन्ह के सामने वाला बटन दबाना है।
यह बटन सिर्फ किसी को विधायक बनाने या भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि बंगाल की धरती को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए दबाना है। शाह ने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल में घुसपैठियों से लेकर अवैध बालू खनन, कोयला और गौमाता की तस्करी करने वालों के लिए इस भूमि पर कोई जगह नहीं बचेगी।
बंगाल के हर कोने में टीएमसी के खिलाफ गुस्सा
शाह ने अपनी जनसभा में घुसपैठ सहित किसानों की परेशानी और राज्य की कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाए। कहा कि आज बंगाल के हर कोने में टीएमसी सरकार के खिलाफ भारी गुस्सा है। टीएमसी के खिलाफ यह गुस्सा चार मई को आने वाले चुनाव के नतीजों में साफ दिखाई देगा। शाह ने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर आलू किसानों का पूरा साथ देगी।
शाह ने लोगों को आश्वस्त किया कि टीएमसी के गुंडों से किसी को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि टीएमसी के गुंडे 29 अप्रैल को अपने घरों से बाहर न निकलें, वरना पांच मई के बाद उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे। शाह ने शाम में उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में रोड शो भी किया।





