एडीजी, डीएम व एसपी ने किया केंद्रों का औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश।
तीन दिनों तक दो-दो पालियों में आयोजित हुई परीक्षा, सुरक्षा के रहे कड़े बंदोबस्त
महोबा। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा का अंतिम दिन बुधवार को जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न रहा। परीक्षा को सुरक्षा व सुचारू संचालन सुनिश्चित कराये जाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक ज्योति नारायण, जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया। परीक्षा निपटने के बाद अंतिम दिन परीक्षार्थी अपने अपने घर के लिए निकल पड़े, सड़कों पर भीड़ दिखाई दी।
परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण दौरान मुकुंद लाल राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, केन्द्रों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी व्यवस्था और परीक्षा कक्षों में परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्र व्यवस्थापकों व ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराया जाए साथ ही किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अनुशासनहीनता पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती (एनरोलमेंट 2025) लिखित परीक्षा 8 जून 2026 से 10 जून 2026 तक तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत दो दो पालियों में सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करायी गयी। प्रत्येक दिवस दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गयी, जिसमें प्रत्येक पाली में कुल 2064 अभ्यर्थियों की उपस्थिति निर्धारित थी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने समुचित सुरक्षा व्यवस्था, सतत निगरानी और प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किए।





