2.83 लाख नए मतदाताओं का नाम जुड़ा, 2.29 लाख नाम सूची से हटाए गए
अलीगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत अविनाश कुमार में बताया है कि आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिले में पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। पुनरीक्षण प्रक्रिया के उपरांत बुधवार को पंचायत निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 18,42,379 मतदाता पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में पंचायत निर्वाचक नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण का कार्य 18 जुलाई 2025 से प्रारंभ किया गया था। इस दौरान जिले की सभी 05 तहसीलों के अंतर्गत 12 विकास खंडों की 852 ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर मतदाता सत्यापन और पुनरीक्षण अभियान चलाया गया।
पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए 1427 बूथ लेवल अधिकारियों एवं 162 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया गया, वहीं अनंतिम प्रकाशन के बाद प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण भी किया गया। इसके अतिरिक्त आयोग के निर्देशानुसार तीन चरणों में डी-डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन कराया गया। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान जिले में 2,83,936 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए, जबकि 2,29,401 मतदाताओं के नाम विभिन्न कारणों से अपमार्जित किए गए। सभी प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के बाद तैयार अंतिम मतदाता सूची में कुल 18 लाख 42 हजार 379 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
आगामी पंचायत चुनावों के दृष्टिगत जनपद में 46 जिला पंचायत सदस्य, 1142 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 852 ग्राम प्रधान और 10,780 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए मतदाता सूची तैयार की गई है। निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए जिले में 1402 मतदान केंद्र और 2947 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। जिला प्रशासन ने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची जनसामान्य के अवलोकन के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय), सभी उपजिलाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों, विकास खंड कार्यालयों तथा संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध रहेगी। मतदाता सूची का अवलोकन राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sec.up.nic.in पर भी किया जा सकता है।
विकास खंडवार मतदाताओं की संख्या में गंगीरी सर्वाधिक 2,16,479 मतदाताओं के साथ शीर्ष पर है, जबकि लोधा में 1,27,576 मतदाता दर्ज किए गए हैं। अन्य विकास खंडों में खैर में 1,55,102, टप्पल में 1,59,817, चंडौस में 1,33,687, अतरौली में 1,65,937, बिजौली में 1,46,257, अकराबाद में 1,35,665, जवा में 1,66,463, धनीपुर में 1,42,636, इगलास में 1,40,952 और गोंडा में 1,51,808 मतदाता पंजीकृत हैं।





