चोरी के सोने के आभूषण और नकदी बरामद, पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए नेपाल निवासी एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने के आभूषण तथा 1,500 रुपये नकद भारतीय मुद्रा बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक शिवम सोनी ने थाना शोहरतगढ़ में तहरीर देकर बताया था कि 17 जुलाई 2026 की रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोर दुकान का शटर और ताला तोड़कर अंदर घुस गए थे। चोर दुकान से सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गए। इस मामले में थाना शोहरतगढ़ में मुकदमा अपराध संख्या 152/2026 दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शोहरतगढ़-खुनुवा बाईपास स्थित प्लाईवुड तिराहे के पास चेकिंग के दौरान नेपाल के कपिलवस्तु जिले के थाना तौलिहवा क्षेत्र निवासी निरंजन केवट उर्फ भोला (20 वर्ष) पुत्र रामचंद्र केवट को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन ब्रेसलेट, दो जोड़ी कंगन, नौ अंगूठियां, दो नेकलेस, दो जोड़ी कान के टॉप्स, पांच मंगलसूत्र (लॉकेट सहित), एक हार तथा 1,500 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस का कहना है कि बरामद सभी आभूषण महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई चोरी से संबंधित हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, हेड कांस्टेबल दयानन्द, अजय कुमार, दिनेश यादव, प्रभाकर यादव तथा सतीश कुमार सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





