गोण्डा। जनपद में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए आर्चा एडवेंचर आर्केड प्राइवेट लिमिटेड ने अपना अत्याधुनिक JSW SHERP SMV 1200 सर्व-भूभागीय बचाव वाहन प्रशिक्षित संचालन दल सहित जिला प्रशासन को पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध कराया है। इस संबंध में जिलाधिकारी गोण्डा को औपचारिक पत्र भी प्रेषित किया गया है। यह विशेष बचाव वाहन जल, दलदल और कीचड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में भी आसानी से संचालित हो सकता है। कंपनी के अनुसार इसका उपयोग उन बाढ़ग्रस्त इलाकों में किया जाएगा, जहां सामान्य वाहन या नाव भी आसानी से नहीं पहुंच पाते। वाहन का संचालन जिला प्रशासन एवं इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम के निर्देशन में किया जाएगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि वाहन के परिवहन, ईंधन, रखरखाव, मरम्मत, चालक दल तथा राहत कार्य के दौरान होने वाली किसी भी क्षति का पूरा व्यय स्वयं वहन किया जाएगा।
इसके लिए जिला प्रशासन या राज्य सरकार से किसी प्रकार का शुल्क या प्रतिपूर्ति नहीं ली जाएगी। आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि इस वाहन को जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC) एवं बचाव तंत्र में शामिल कर आवश्यकतानुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्यों में लगाया जाए। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक अभियान से पहले कंपनी के अधिकृत संचालक श्री अतुलेंद्र द्वारा अंतिम तकनीकी स्वीकृति दी जाएगी। विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने कहा, “जिस धरती पर मैंने जन्म लिया, उसके संकट में खड़ा होना मेरा कर्तव्य है। यदि हमारे पास ऐसा साधन है जो एक भी जीवन बचा सकता है, तो उसे रोककर रखना उचित नहीं होगा। बाढ़ में घिरे प्रत्येक परिवार तक सहायता पहुंचे, यही हमारा उद्देश्य है।”





