विकास खंड क्षेत्र के पचखुरा ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान अरविंद निषाद ने दीपावली के पावन अवसर पर एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने अपनी ग्राम पंचायत पचखुरा और मंगलपुर की गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियों का वितरण किया और उन्हें मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया।
प्रधान अरविंद निषाद ने बताया कि दोनों गांवों की एक सैकड़ा (सौ) से अधिक बेहद गरीब महिलाओं की मदद के लिए यह पहल की गई है, ताकि वे भी खुशी से त्योहार मना सकें। साड़ी पाकर वृद्ध महिलाओं के चेहरे पर खास तौर पर खुशी और संतोष का भाव दिखाई दिया।
प्रधान ने इस अवसर पर त्योहारों के दौरान गरीब लोगों की मदद करने के महत्व पर ज़ोर दिया और कहा कि सभी को ऐसे नेक कार्यों के लिए आगे आना चाहिए। इस वितरण समारोह के दौरान गांव के अन्य लोग भी मौजूद रहे।





