12 जुलाई को गोरखगिरी की शिव तांडव पहाड़ी पर होगा मुख्य आयोजन, बनेगी ‘शिव वाटिका’
महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण एवं पर्यावरण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) देबाषीश जेना ने बताया कि वर्ष 2026-27 के तहत जिले में कुल 76,83,800 पौधों का रोपण किया जाएगा। इसमें वन विभाग 40.92 लाख और अन्य 25 विभाग मिलकर 35.91 लाख पौधे लगाएंगे। 30 जून तक शत-प्रतिशत गड्ढों का खुदान पूरा हो चुका है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग कम से कम एक बड़े स्थल पर 1000 पौधे अनिवार्य रूप से लगाए और उनकी सुरक्षा व सिंचाई की व्यवस्था करे। कृषि विभाग 8 हेक्टेयर के फार्म पर 1000 पौधे लगाकर ‘विशिष्ट वन’ तैयार कर रहा है। वहीं, चन्द्रावल नदी के किनारे के 9 गांवों में अभियान चलाकर बांस, अर्जुन और जामुन के पौधे रोपे जाएंगे।
बीडीओ कबरई ने बताया कि ग्राम ढिकवाहा में 2000 औषधीय व फलदार पौधे लगाकर ‘हर्बल वाटिका’ बनाई जा रही है। डीएफओ ने बताया कि 12 जुलाई को मुख्य आयोजन गोरखगिरी स्थित शिव तांडव पहाड़ी पर होगा, जहां ‘शिव वाटिका’ के तहत नीम, शीशम, बेल आदि के 1000 पौधे रोपे जाएंगे। इस अवसर पर सराहनीय कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा। डीएम ने सभी निकायों को ‘अर्बन वन’ (शहरी वन) विकसित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सीडीओ बलराम कुमार सहित सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





