पहली बार वाराणसी मंडल पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा कर्मचारियों के कल्याण एवं आधुनिक आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल
वाराणसी। वाराणसी स्थित रेलवे कॉलोनियों में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल एवं गेल इंडिया लिमिटेड के मध्य आज एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। पूर्वोत्तर रेलवे में पहली बार वाराणसी मंडल द्वारा इस प्रकार का समझौता किया गया है, जो कर्मचारियों के कल्याण एवं आधुनिक आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। भारतेंदु सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक,वाराणसी आशीष जैन की गरिमामयी उपस्थिति में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर(समन्वय) विकास कुमार सिंह तथा गेल इंडिया लिमिटेड, वाराणसी के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया।
बताया गया कि, इस समझौते के माध्यम से वाराणसी स्थित लगभग 700 रेलवे आवासों को पीएनजी सुविधा से जोड़ा जाएगा, जिससे निवासियों को स्वच्छ, निर्बाध, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल ईंधन उपलब्ध हो सकेगा। समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के उपरांत रेलवे कॉलोनियों में पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर गेल की ओर से चंद्रकांत टंडन,देबाशीष साहू एवं जे.आकाश उपस्थित रहे,जबकि रेलवे की ओर से अजय कुमार सिंह, विकास कुमार सिंह,विनीत कुमार, अभिनव कुमार सिंह,नितेश अग्रवाल, एवं यशवीर सिंह,अभिषेक राय, ए.के.पाण्डेय उपस्थित रहे।





