इटावा। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद इटावा भ्रमण कार्यक्रम को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा संयुक्त रूप से नुमाइश पंडाल पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों,सुरक्षा व्यवस्था,मंच एवं सभा स्थल,वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, बैरिकेडिंग,पार्किंग व्यवस्था,यातायात प्रबंधन,जनसामान्य के प्रवेश एवं निकास मार्ग,आपातकालीन निकासी व्यवस्था, अग्निशमन,चिकित्सा सहायता,विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूर्ण की जाए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सुरक्षा ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता,अनुशासन एवं आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने,प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखने तथा आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने एवं कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।इटावा पुलिस एवं जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को पूर्ण सुरक्षा,शांति एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध एवं सतर्क है।





