एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने जारी किए आदेश
फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस कार्यों के बेहतर पर्यवेक्षण के उद्देश्य से पुलिस उपाधीक्षकों (सीओ) के कार्यक्षेत्र एवं दायित्वों का पुनर्गठन करते हुए नवीन कार्य आवंटन आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में पुलिस कार्यों का पर्यवेक्षण एवं संचालन करेंगे।
जारी आदेश के अनुसार पुलिस उपाधीक्षक गौरव शर्मा को क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन बनाया गया है। उनके अधीन कोतवाली, मलवां, हुसेनगंज एवं साइबर थाना रहेगा। इसके साथ ही जन शिकायत प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की निगरानी भी वे करेंगे। उनका मुख्यालय नगर कार्यालय रहेगा। पुलिस उपाधीक्षक रवि प्रकाश राय को क्षेत्राधिकारी खागा का दायित्व सौंपा गया है। वे खागा, धाता, हथगाम, किशनपुर एवं सुल्तानपुर घोष थानों के कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे। उनका मुख्यालय तहसील खागा में रहेगा। पुलिस उपाधीक्षक प्रियंक जैन को क्षेत्राधिकारी बिंदकी नियुक्त किया गया है।
उनके अधीन बिंदकी, जहानाबाद, औंग, कल्याणपुर एवं बकेवर थाने रहेंगे। साथ ही अपराध शाखा के कार्यों की भी निगरानी करेंगे। उनका मुख्यालय तहसील बिंदकी में रहेगा। पुलिस उपाधीक्षक दुर्गेश दीप को क्षेत्राधिकारी थरियांव बनाया गया है। वे थरियांव, खखरेरू, असोथर एवं रायबरेली (राधानगर) क्षेत्र के थानों के कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे। इसके अतिरिक्त सीसीटीएनएस, पीबी एवं नेट ग्रिड पोर्टल से जुड़े कार्य भी उनके अधीन रहेंगे। पुलिस उपाधीक्षक अवनीश कुमार को क्षेत्राधिकारी जाफरगंज का दायित्व दिया गया है।
उनके कार्यक्षेत्र में जाफरगंज, ललौली, चांदपुर एवं गाजीपुर थाने शामिल रहेंगे। साथ ही एससी/एसटी सेल एवं महिला थाना के कार्यों का पर्यवेक्षण भी करेंगे। पुलिस उपाधीक्षक बृजमोहन राय को क्षेत्राधिकारी कार्यालय/यातायात बनाया गया है। वे कार्यालय एवं यातायात व्यवस्था के साथ-साथ सीओ सदर कार्यालय के कार्यों का भी पर्यवेक्षण करेंगे। पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ल को क्षेत्राधिकारी ऑकिक (अपराध एवं विशेष प्रकोष्ठ) का दायित्व सौंपा गया है।
उनके अधीन यूपी-112, एलआईयू तथा महिला सहायता प्रकोष्ठ के कार्यों का पर्यवेक्षण रहेगा। आदेश में अधिकारियों की लिंक व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। इसके अनुसार क्षेत्राधिकारी नगर के लिंक अधिकारी क्षेत्राधिकारी कार्यालय होंगे, क्षेत्राधिकारी जाफरगंज के लिंक अधिकारी क्षेत्राधिकारी बिंदकी, क्षेत्राधिकारी खागा के लिंक अधिकारी क्षेत्राधिकारी थरियांव तथा क्षेत्राधिकारी ऑकिक के लिंक अधिकारी क्षेत्राधिकारी कार्यालय होंगे।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। माना जा रहा है कि कार्यों के स्पष्ट बंटवारे और जवाबदेही तय होने से पुलिसिंग में और अधिक पारदर्शिता आएगी तथा जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।





