फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में गुरुवार को जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी संगठनात्मक गतिविधियों एवं बूथ सशक्तिकरण अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला पदाधिकारियों एवं मंडल प्रभारियों को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी की मजबूती का आधार बूथ है और प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन को सशक्त बनाने का कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि सभी जिला पदाधिकारी एवं मंडल प्रभारी प्रत्येक बूथ पर 10-10 दिनों तक प्रवास करेंगे। इस दौरान बूथ समितियों के साथ बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया जाएगा तथा संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान बूथ स्तर पर संगठन के 16 प्रकार के करणीय कार्यों को मूर्त रूप दिया जाएगा। साथ ही बूथ समिति के सदस्यों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान कराया जाएगा और पार्टी की गतिविधियों को अधिक गति देने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत संचालित डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ समिति, सक्रिय सदस्य एवं प्राथमिक सदस्य को डिजिटल प्रशिक्षण से जोड़ा जाए, जिससे संगठनात्मक कार्यों में तकनीक का अधिक प्रभावी उपयोग हो सके। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ‘सरल ऐप’ के माध्यम से नियमित रूप से अपनी गतिविधियों की रिपोर्टिंग करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से समयबद्ध रिपोर्टिंग संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा और निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
बैठक में जिला महामंत्री पंकज त्रिवेदी, पुष्पराज पटेल, सुशीला मौर्या, जिला उपाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी, नीरज सिंह, अर्पणा सिंह गौतम, कुलदीप भदौरिया, उदय लोधी, रेखा मिश्रा, मधुराज विश्वकर्मा, जिला मंत्री विमलेश पाण्डेय, धर्मेंद्र सिंह, सुनीता गुप्ता, रेखा पासवान, ओमप्रकाश पाल, कोषाध्यक्ष राज बहादुर पासवान, उमेश गुप्ता, सुमित द्विवेदी, अखिलेश कुमार, ओम मिश्रा, विवेक श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी प्रसून तिवारी, शिवाकांत तिवारी, गौरव शुक्ला, कमलेश योगी, रामप्रकाश गुप्ता, ज्योति प्रवीण, अमित शिवहरे, विजय प्रताप सिंह, अभिजीत भारती, जसवंत गिहार सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी एवं मंडल प्रभारी उपस्थित रहे।





