रात तीन बजे गाय की आवाज से खुला राज, खेत में फेंका मिला खाली बॉक्स
पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य, गांव में दहशत का माहौल
मथौली, कुशीनगर। रामकोला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरठा टोला खोडहा में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने एक मकान में सेंध काटकर लाखों रुपये के गहने व नगदी चोरी कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने घर की साइड दीवार में सेंध लगाकर मकान के अंदर प्रवेश किया और घर में रखे 56 हजार रुपये नगद सहित बॉक्स में रखे एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी पायजेब, एक जोड़ी कान का झुमका तथा सोने की अंगूठी समेत लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी के बाद चोर बॉक्स को कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में फेंककर चले गए। परिजनों को घटना की जानकारी तब हुई जब रात करीब तीन बजे घर के सामने खूंटे में बंधी गाय जोर-जोर से चिल्लाने लगी।
आवाज सुनकर जब परिजन बाहर निकले तो दीवार में सेंध कटा देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद पीड़िता ने रात में ही 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इस संबंध में पीड़िता सिमिरखा देवी पत्नी वृषभान ने रामकोला थाने में तहरीर देकर चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उधर, चोरी की घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामकोला धनवीर सिंह ने बताया कि चोरी की जानकारी मिली है, जांच की जा रही है, जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।





