जलालपुर, अंबेडकरनगर कोतवाली जलालपुर क्षेत्र में इंटर कॉलेज के एक छात्र के साथ कथित रूप से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घायल छात्र ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी दीपू पुत्र मेवालाल निवासी ग्राम डड़वा मदरहा थाना जलालपुर, जो जनता इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र है, ने आरोप लगाया कि विद्यालय की छुट्टी होने के बाद वह गेट के बाहर अपनी बाइक स्टार्ट कर घर जाने लगा। इसी दौरान विद्यालय के ही अजय नामक युवक ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। जब दीपू ने इसका विरोध करते हुए कारण पूछा तो अजय ने अभद्रता करते हुए कहा कि “अभी बताता हूं चाबी क्यों निकाली है।”
आरोप है कि इसके बाद अजय ने किसी को फोन किया, जिसके कुछ ही देर बाद कई युवक मौके पर पहुंच गए। पीड़ित के अनुसार सचिन, किशन, शिवम, अजय, सुधांशु, राज और विशाल समेत अन्य लोगों ने एकजुट होकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी तथा गाली-गलौज की। मारपीट में दीपू के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने मारपीट का कारण पूछा तो विपक्षियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल छात्र जलालपुर कोतवाली पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





