हमीरपुर।जिलाधिकारी धनश्याम मीना के कुशल मार्गदर्शन एवं सशक्त प्रशासनिक नेतृत्व में जनपद हमीरपुर ने जनसुनवाई आईजीआरएस प्रणाली में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। जनसमस्याओं के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के परिणामस्वरूप माह दिसम्बर 2025 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में हमीरपुर जनपद ने सातवां स्थान हासिल किया है। इस दौरान जनपद को 95.71 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं, वहीं शिकायतकर्ताओं से प्राप्त संतुष्टि फीडबैक में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी धनश्याम मीना के नेतृत्व में विगत कई माह से जनपद का प्रदर्शन निरंतर उत्कृष्ट बना हुआ है और हमीरपुर प्रदेश के टॉप–10 जनपदों में अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए हुए है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आवेदकों से सीधे संपर्क स्थापित कर समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया गया, जिससे जनसुनवाई व्यवस्था पर आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद में जनसमस्याओं को पूरी गंभीरता से लेते हुए उनका प्रभावी निस्तारण कराया जा रहा है। शिकायतों के समाधान के उपरांत प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जा रही है। उनके स्पष्ट निर्देशों के क्रम में संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति के अनुरूप समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
जिलाधिकारी धनश्याम मीना की सक्रिय पहल से जनता दर्शन के दौरान सभी उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी नियमित रूप से ऑनलाइन जुड़कर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं पर त्वरित संज्ञान ले रहे हैं। आईजीआरएस, सम्पूर्ण समाधान दिवस, ऑनलाइन सन्दर्भ एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में शासन की मंशा के अनुरूप भूमि विवाद सहित अन्य जटिल प्रकरणों में आवश्यकतानुसार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी धनश्याम मीना ने इस उपलब्धि का श्रेय आईजीआरएस टीम एवं जनपद के समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को देते हुए निर्देश दिए हैं कि आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि जनपद हमीरपुर प्रशासनिक उत्कृष्टता का यह मानक लगातार बनाए रखे।





