आजमगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय श्री दुर्गा जी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्रांगण में ‘योग सप्ताह’ का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. हेमलता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सा छात्रों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सोमवार को कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. हेमलता ने योग के वैश्विक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है। दुनिया के 70 से अधिक देश 21 जून को विश्व योग दिवस मनाकर भारतीय संस्कृति की इस अनमोल धरोहर को अपना रहे हैं। योग न केवल बीमार व्यक्तियों को स्वस्थ करता है, बल्कि स्वस्थ व्यक्तियों को रोगों से दूर रखने की शक्ति भी देता है।
प्राचार्य ने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने आह्वान किया कि स्वयं योग करें और निरोगी रहें, अपने परिवार और आस-पास के लोगों को योग पद्धति से जोड़ें और समाज को रोगमुक्त बनाने का संकल्प लें।





