रामपुर गांव में खूनी संघर्ष, युवक को गोली मारने का आरोप; इलाके में भारी तनाव
कानपुर। गंगा बैराज इलाके में मछली पकड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। रामपुर गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट के दौरान गोली व तलवारें चलने से इलाके में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आकाश निषाद ने शुभम उर्फ माका पर गोली चला दी। गोली लगते ही शुभम लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मामूली कहासुनी अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि दोनों पक्षों के लोगों ने जमकर लाठी-डंडे चलाए, वहीं तलवारें लहराने से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी आकाश निषाद का नाम पहले भी पुलिस टीम पर हमले के मामले में सामने आ चुका है। यही वजह है कि घटना को लेकर पुलिस बेहद सतर्क नजर आ रही है। फिलहाल कोहना थाना क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।





