कोचिंग में रुके थे मैच देखने, सुबह छात्रों ने देखा खून से लथपथ शव; भाई बोला- लूटपाट कर बेरहमी से मार डाला
कानपुर। नवाबगंज इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के अंदर संचालक का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। IPL फाइनल देखने की बात कहकर रात में कोचिंग पर रुके संचालक की मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया। छात्रों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, जबकि परिजनों ने हत्या के पीछे लूटपाट की आशंका जताई है।
यशोदा नगर निवासी 47 वर्षीय प्रकाश चंद्र गुप्ता विष्णुपुरी स्थित डाटा एक्सपर्ट कोचिंग इंस्टीट्यूट चलाते थे। करीब दस वर्षों से वह इसी कोचिंग की फ्रेंचाइजी संचालित कर रहे थे। रविवार रात उन्होंने छोटे भाई विकास गुप्ता को फोन कर बताया था कि गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल फाइनल देखकर ही घर लौटेंगे। लेकिन रात बीत गई और वह वापस नहीं पहुंचे। सोमवार सुबह करीब नौ बजे जब छात्र कोचिंग पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। फर्श पर खून फैला था और प्रकाश गुप्ता का शव पड़ा था। छात्रों ने तुरंत डॉयल-112 पर सूचना दी।
मौके पर पहुंचे भाई विकास गुप्ता ने दावा किया कि हत्या से पहले लूटपाट की गई। उनका कहना है कि ऑफिस का सामान टूटा पड़ा था, शव को घसीटकर अंदर ले जाया गया था और मृतक की चेन, ब्रेसलेट व मोबाइल गायब थे। उन्होंने आरोप लगाया कि चेहरे और आंखों पर गंभीर चोटों से साफ है कि हमलावरों ने बेरहमी दिखाई।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की आंख के ऊपर चोट के निशान मिले हैं और मुंह से खून बह रहा था। हालांकि पर्स और घड़ी बरामद हुई है, पर्स में 15 हजार रुपये भी मिले। पुलिस ने पोस्टमार्टम पैनल से कराने और खुलासे के लिए तीन टीमें गठित करने की बात कही है।





