महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत तेंदुअहिया में भूमि विवाद के निस्तारण की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में किसान पिछले 23 दिनों से लगातार धरने पर बैठे हैं। किसानों का आरोप है कि ग्राम सभा की करीब 55 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जा होने के बावजूद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
धरनारत किसानों का कहना है कि वर्ष 1984 एवं 1995 में उन्हें कृषि पट्टा आवंटित किया गया था, लेकिन बाद में कथित रूप से फर्जी अभिलेख, पावर ऑफ अटॉर्नी और अन्य दस्तावेजों के माध्यम से भूमि पर कब्जा कर लिया गया। इस संबंध में कई बार शिकायत और ज्ञापन दिए गए, लेकिन मामला वर्षों से लंबित है। किसानों ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रेट स्तर से निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कब्जा हटाया जाए, वास्तविक पट्टाधारकों को भूमि का कब्जा दिलाया जाए तथा फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करने को बाध्य होंगे। धरने में गोरखपुर मंडल अध्यक्ष सतीश चंद्र ओझा, जिलाध्यक्ष राम आशीष, जिला संगठन मंत्री राजीव यादव, फरेंदा तहसील अध्यक्ष हरिश्चंद्र पांडे, जगदीश निषाद, राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।





